देवपहरी के एकलव्य विद्यालय में वेदारंभ संस्कार सम्पन्न, कलेक्टर ने कराया 300 फलदार पौधों का वृक्षारोपण
कोरबा | लोक पल्स न्यूज़
कोरबा जिले के देवपहरी ग्राम स्थित गौमुखी सेवाधाम द्वारा संचालित एकलव्य विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पूर्व वेदारंभ संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत रहे।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर के विशेष आग्रह पर विद्यालय परिसर में 300 फलदार पौधों के वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर “एक विद्यार्थी–एक पौधा” अभियान के तहत विद्यालय के 300 विद्यार्थियों ने एक-एक पौधे के संरक्षण का संकल्प लिया।
गौमुखी सेवाधाम ने बताया कि संस्था पिछले 25 वर्षों से जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर वनवासी क्षेत्र में विशेष पिछड़ी एवं संरक्षित जनजातियों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
संस्था द्वारा जनजातीय परिवारों को उन्नत खेती का प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सुविधाएं, दसवीं कक्षा तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा, छात्रावास, कौशल विकास प्रशिक्षण, सांस्कृतिक संरक्षण तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन जैसी अनेक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और जनजातीय समाज के समग्र विकास का संदेश दिया गया। उपस्थित अतिथियों और विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल का संकल्प लेते हुए हरित भविष्य के निर्माण का आह्वान किया।








