कोरबा में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, मुख्यमंत्री से की शीर्ष पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
लोक पल्स न्यूज़ कोरबा जिले में लगातार सामने आ रही हत्या, लूट, जानलेवा हमलों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के कोरबा शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल रहे हैं।
मुकेश राठौर ने पत्र में कहा कि कोरबा में एक के बाद एक जघन्य घटनाओं ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों और सार्वजनिक उपक्रमों की कोयला खदानों तक बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने सरायपाली कोयला खदान में गुटीय संघर्ष के दौरान हुई गोली मारकर हत्या, खदानों में सुरक्षा बल के जवानों को बंधक बनाकर डीजल और कबाड़ लूटने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ मामलों में पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करनी पड़ी। यह स्थिति कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
राठौर ने कहा कि अपराध केवल खदान क्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं। शहर में रशियन हॉस्टल के पास लोहे का विशाल पुल काटकर चोरी कर लिया गया। कटघोरा के घुचापुर में भाजपा नेता अक्षय गर्ग की हत्या, रजगामार में महिला की निर्मम हत्या, सीतामढ़ी मोतीसागर पारा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पवन टॉकीज रेलवे क्रॉसिंग के पास सिर कुचलकर हत्या, सिल्वर सेंटर के संचालक की हत्या तथा स्क्रैप कारोबारी अशरफ सहित कई चर्चित हत्याओं का भी उन्होंने जिक्र किया।
उन्होंने चैतमा की उस सनसनीखेज वारदात का भी उल्लेख किया, जिसमें सऊदी अरब से बुलाए गए युवक की हत्या कर शव के कई टुकड़े कर दिए गए थे। उनका कहना है कि पिछले ढाई वर्षों में जिले में इस तरह के सैकड़ों गंभीर अपराध सामने आए हैं, लेकिन अपराध पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है।
महिला सुरक्षा को लेकर भी कांग्रेस ने चिंता जताई। राठौर ने कहा कि बालको क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, पंप हाउस क्षेत्र में युवती पर चाकू से हमला तथा अन्य घटनाएं यह दर्शाती हैं कि महिलाओं की सुरक्षा भी गंभीर चुनौती बन गई है।
उन्होंने हालिया ज्वेलरी दुकान लूटकांड का भी उल्लेख करते हुए कहा कि तीन बदमाश हथियार लेकर दुकान में घुस गए। यदि दुकान संचालक साहस नहीं दिखाता और बदमाश का हथियार नहीं छीनता, तो बड़ी घटना हो सकती थी। उनके अनुसार यह घटना बताती है कि अपराधियों में पुलिस का भय लगभग समाप्त हो चुका है।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि नवपदस्थ कोतवाली थाना प्रभारी का कुछ ही घंटों में राजनीतिक दबाव में तबादला किया जाना भी पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
अंत में मुकेश राठौर ने मुख्यमंत्री से कोरबा जिले की कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने, शीर्ष पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।








