बाँकी मोंगरा में पेयजल संकट पर विपक्षी पार्षदों का हल्ला बोल, कलेक्टर-आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
10-12 दिनों से टेपनल पानी व्यवस्था ठप, जल संयंत्र का निरीक्षण कर जल्द सुधार की मांग
समस्या का समाधान नहीं होने पर जनता के साथ उग्र आंदोलन की चेतावनी
लोक पल्स न्यूज़ कोरबा/बाँकी मोंगरा। नगर पालिका परिषद बाँकी मोंगरा क्षेत्र में पिछले 10 से 12 दिनों से जारी पेयजल संकट को लेकर विपक्षी पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्र के सभी विपक्षी पार्षदों ने कलेक्टर कोरबा एवं नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कोहड़िया जल संयंत्र में व्याप्त तकनीकी समस्या का तत्काल निराकरण करने और प्रभावित क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
पार्षदों ने कोहड़िया स्थित जल संयंत्र का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को जल वितरण व्यवस्था में जल्द सुधार के निर्देश दिए। ज्ञापन में मांग की गई है कि टेपनल पानी की आपूर्ति दिन में दो बार की जाए तथा सुबह 3-4 बजे छोड़े जाने वाले पानी को निर्धारित समय पर नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए।
नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि बाँकी मोंगरा के 30 वार्डों के हजारों नागरिक पिछले कई दिनों से पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौर में पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। मशीनों में खराबी आना सामान्य बात हो सकती है, लेकिन ऐसी स्थिति से निपटने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सभी पार्षद आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
वहीं पार्षद राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया, राजकुमारी बंसी दास एवं इंद्रजीत बींझवार ने संयुक्त रूप से कहा कि पानी की कमी के कारण लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू करना चाहिए।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया, राजकुमारी बंसी दास, इंद्रजीत बींझवार, नंदलाल, बबलू मारवा, कमल चंद्रा, धनंजय राठौर, खगेश कर्ष सहित अनेक पार्षद एवं नागरिक उपस्थित रहे।









