देशभर में आज मेडिकल दुकानें बंद, ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों की हड़ताल
लोक प्लस न्यूज़ रायपुर/दिल्ली। देशभर में आज मेडिकल दुकानों पर असर देखने को मिल सकता है। ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स द्वारा ऑनलाइन दवाओं की बिक्री और भारी डिस्काउंटिंग के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) ने 24 घंटे की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। संगठन के अनुसार इस बंद में देशभर के करीब 15 लाख से अधिक केमिस्ट और ड्रगिस्ट शामिल हो रहे हैं।
AIOCD का कहना है कि अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री से पारंपरिक मेडिकल स्टोर्स का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। साथ ही बिना उचित निगरानी के दवाओं की ऑनलाइन बिक्री से मरीजों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ सकता है। हालांकि संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मरीजों को परेशानी से बचाने के लिए आपातकालीन दवाओं की आपूर्ति हेतु विशेष व्यवस्था की गई है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.एस. शिंदे और महासचिव राजीव सिंघल ने कहा कि सरकार की वर्तमान नीतियां खुदरा दवा व्यापारियों के हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट देकर छोटे मेडिकल स्टोर्स को नुकसान पहुंचा रही हैं, जिससे हजारों व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
केमिस्ट एसोसिएशन ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली मांग यह है कि ऑनलाइन दवा बिक्री से संबंधित अधिसूचना GSR 817 को तत्काल वापस लिया जाए और नया नियामक ढांचा तैयार किया जाए। दूसरी मांग कोरोना काल के दौरान लागू की गई GSR 220 अधिसूचना को पूरी तरह समाप्त करने की है। वहीं तीसरी मांग ऑनलाइन कंपनियों द्वारा दी जा रही भारी डिस्काउंटिंग पर रोक लगाने या फिर ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर (DPCO) में संशोधन कर खुदरा दवा विक्रेताओं का मार्जिन बढ़ाने की है।
देशव्यापी हड़ताल के चलते कई शहरों में मेडिकल दुकानें बंद रहने की संभावना है। वहीं लोगों से जरूरी दवाएं पहले से खरीद लेने की अपील भी की गई है।









