Home ब्रेकिंग न्यूज़ होली की रात पुलिस को खुली चुनौती: सीएसईबी चौकी के पास चाय...

होली की रात पुलिस को खुली चुनौती: सीएसईबी चौकी के पास चाय दुकान में लाखों की चोरी, गश्त के दावे फेल

130
0

होली की रात पुलिस को खुली चुनौती: सीएसईबी चौकी के पास चाय दुकान में लाखों की चोरी, गश्त के दावे फेल

लोक पल्स न्यूज़ कोरबा। होली की रात जहां एक ओर पुलिस द्वारा कड़ी गश्त और सुरक्षा व्यवस्था के दावे किए जा रहे थे, वहीं दूसरी ओर अपराधियों ने उन्हीं दावों की धज्जियां उड़ा दीं। सीएसईबी चौकी से महज चंद कदम की दूरी पर स्थित एक चाय दुकान में चोरों ने बेखौफ अंदाज में सेंधमारी कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चौकी के साए में हुई यह चोरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

जानकारी के अनुसार, होली की रात दुकान बंद थी। आरोप है कि चोरों ने दुकान की ऊपर लगी टिन सीट को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित अन्य जरूरी सामान समेटकर फरार हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात उस इलाके में हुई, जहां से पुलिस चौकी कुछ ही दूरी पर मौजूद है और त्योहार के चलते अतिरिक्त गश्त का दावा भी किया गया था।

स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों में जबरदस्त आक्रोश है। उनका कहना है कि अगर चौकी के आसपास ही दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो बाकी शहर की सुरक्षा की कल्पना करना भी मुश्किल है। लोगों का सीधा आरोप है कि पुलिस की पेट्रोलिंग सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है और जमीनी स्तर पर कोई ठोस निगरानी नहीं है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि त्योहारों के समय अपराध बढ़ने की आशंका रहती है, ऐसे में पुलिस को और अधिक सतर्क रहना चाहिए था। लेकिन इस घटना ने साबित कर दिया कि सुरक्षा के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। अपराधियों ने मानो पुलिस को खुली चुनौती दी और यह दिखा दिया कि गश्त के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं।

होली की रात हुई इस चोरी ने पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा दावों पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here