सोमाली के समुद्री डाकुओं के खिलाफ 40 घंटे भारतीय नौसेना के ऑपरेशन के बाद बड़ी सफलता हाथ लगी है। तीन महीने पहले डाकुओं द्वारा हाइजैक किए गए मालवाहक जहाज को सुरक्षित बचा लिया गया है। इसके अलावा जहाज के 17 चालक दल के सदस्य भी सुरक्षित निकाल लिए गए हैं। वहीं कम से कम 35 डाकुओं ने भारतीय नौसेना के आगे घुटने टेक दिए। बड़े कार्गो शिप और चालक दल को बचाने के लिए भारतीय नौसेना पानी में 2600 किलोमीटर की दूरी तय कर पहुंची थी। नौसेना के हौसले, दमदार ऑपरेशन और सूझबूझ की वजह से ही यह बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
शुक्रवार को समुद्री डाकुओं की फायरिंग के बाद नेवी ने अपनी रणनीति बदली। नौसेना ने पी-8I समुद्री गश्ती विमान, फ्रंटलाइन वॉरशिप आईएनएस कोलकाता और आईएनएस सुभद्रा को उतार दिया गया। इसके अलावा ड्रोन का भी सहारा लिया गया। नौसेना ने सी-17 विमान के जरिए मार्कोस कमांडो को जहाज पर उतार दिया। इसके बाद लुटेरों को सरेंडर करना पड़ गया। नौसेना ने बताया कि 40 घंटे के ऑपरेशन के दौरान आईएनएस कोलकाता से बड़ी कार्रवाई की गई।






