राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए धनंजय कुमार शुक्ला का चयन, कोरबा का बढ़ाया मान
कोरबा। ज्योति भूषण विधि महाविद्यालय, कोरबा के छात्र धनंजय कुमार शुक्ला का चयन राष्ट्रीय विश्वविद्यालय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। अगले महीने नोएडा में आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वे अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। धनंजय के चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
धनंजय कुमार शुक्ला ने 15 सितंबर को डीपी विप्र लॉ कॉलेज, बिलासपुर में आयोजित अंतर महाविद्यालयीन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। रिंग में उनकी बेहतरीन बॉक्सिंग तकनीक, कौशल और प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय विश्वविद्यालय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है।
पाली विकासखंड के पडनिया गांव के निवासी धनंजय की इस उपलब्धि से उनके परिजनों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों में उत्साह है। उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।
धनंजय कुमार शुक्ला के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कमला नेहरू महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती किरण चौहान, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष संदीप सिंह, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव सुरेश क्रिस्टोफर सहित जिला बॉक्सिंग संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने की कामना की।








