Home कोरबा कोरबा में 350 मितानिन दीदियों का सम्मान, मंत्री लखन लाल देवांगन ने...

कोरबा में 350 मितानिन दीदियों का सम्मान, मंत्री लखन लाल देवांगन ने जनसेवा में योगदान को सराहा

29
0

लोक पल्स न्यूज़ छत्तीसगढ़ कोरबा सच की धड़कन जनता की आवाज

कोरबा में 350 मितानिन दीदियों का सम्मान, मंत्री लखन लाल देवांगन ने जनसेवा में योगदान को सराहा

 

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुआ सम्मान समारोह, पुष्पगुच्छ और उपहार भेंटकर किया सम्मानित

 

कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के शासकीय निवास डी-1, पंचवटी के पास कोरबा विधानसभा क्षेत्र की मितानिन दीदियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने और विपरीत परिस्थितियों में भी समर्पण भाव से कार्य करने वाली कुल 350 मितानिन दीदियों को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि मितानिन दीदियां स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वे जरूरतमंदों की सहायता कर निःस्वार्थ भाव से मानव सेवा का कार्य करती हैं। उनके सेवाभाव और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि मितानिन दीदियां सही मायनों में ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के भाव को साकार कर रही हैं।

 

मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

 

उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के गठन में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान तथा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। साथ ही महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और श्री रामलला दर्शन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से आमजन को लाभ पहुंचाने की बात कही।

 

महापौर ने भी की मितानिन दीदियों के कार्यों की सराहना

 

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह सम्मान समारोह मितानिन दीदियों की मेहनत, संघर्ष और सेवाभाव के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में मितानिन कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी। इसके बाद से मितानिन दीदियां निरंतर निष्ठा और लगन के साथ जनसेवा में जुटी हुई हैं। उन्होंने कोरबा शहर में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

 

वहीं, श्री नरेंद्र देवांगन ने मितानिन दीदियों को स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि कोरोना संकट के दौरान भी उन्होंने लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। जन्म से लेकर जीवन के विभिन्न पड़ावों तक स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उनका योगदान महत्वपूर्ण है। उनके सेवाभाव और समर्पण का सम्मान करना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।

 

350 मितानिन दीदियों को किया गया सम्मानित

 

समारोह में मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं श्री नरेंद्र देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने सुनीता प्रजापति, सरिता कहरा, सरस्वती सारथी, उमा पटेल, भूरी बाई महंत, दिव्या राठौर, मीना श्रीवास, मोतिमणि सोनी, निर्मला बाई साहू, शारदा बाई साहू, कमला चौकसे, तुलेश्वरी यादव, गणेशी साहू एवं गौरी बाई विश्वकर्मा सहित कुल 350 मितानिन दीदियों को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया।

 

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा, संजय शर्मा, प्रफुल्ल तिवारी, युगल कैवर्त, प्रेम साहू, मुकुंद कंवर, योगेश मिश्रा, मनोज लहरे, डीलेंद्र यादव, राजेश राठौर, रुक्मणी नायर, राकेश नागरमल अग्रवाल, अंजय अग्रवाल, विजय गुप्ता, रामेश्वर वैष्णव, पुनि राम साहू एवं प्रकाश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में मितानिन दीदियां उपस्थित रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here