Home सोशल कोरबा चर्चेस वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को विधिक नोटिस, सदस्य ने लगाए...

कोरबा चर्चेस वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को विधिक नोटिस, सदस्य ने लगाए गंभीर आरोप

27
0

कोरबा चर्चेस वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को विधिक नोटिस, सदस्य ने लगाए गंभीर आरोप

 

कोरबा | लोक पल्स न्यूज़

कोरबा चर्चेस वेलफेयर एसोसिएशन (KCWAS) के अध्यक्ष सीमा गोस्वामी, सचिव राजकुमार दान एवं कोषाध्यक्ष डेनियल क्षत्रिय को एसोसिएशन के एक प्रतिनिधि सदस्य की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से विधिक नोटिस भेजा गया है। नोटिस में समिति के कार्य संचालन और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

नोटिस के अनुसार, संबंधित सदस्य को बिना किसी पूर्व सूचना के एसोसिएशन के आधिकारिक व्हाट्सएप समूहों से हटा दिया गया, जिसके कारण उसे मासिक बैठकों और सामान्य सभा की जानकारी नहीं मिल सकी। सदस्य का दावा है कि सूचना के अभाव में वह वर्ष 2025 की आवश्यक बैठकों में शामिल नहीं हो पाया, जिससे उसके मताधिकार तथा आगामी चुनाव में प्रत्याशी बनने के अधिकार पर भी प्रभाव पड़ा।

विधिक नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि 20 जून 2026 को आयोजित सामान्य सभा की सूचना भी संबंधित सदस्य को समय पर नहीं दी गई। इसके अलावा आरोप लगाया गया है कि समिति के आय-व्यय का विवरण बिना चार्टर्ड अकाउंटेंट से ऑडिट कराए सामान्य सभा में प्रस्तुत कर पारित कर दिया गया। नोटिस में पूर्व कार्यकारिणी द्वारा सौंपी गई राशि, सदस्यता शुल्क, दान, अनुदान एवं अन्य वित्तीय मदों का पारदर्शी ऑडिट कराने की मांग की गई है।

सदस्य की ओर से भेजे गए नोटिस में पदाधिकारियों से 15 दिनों के भीतर संबंधित सदस्य को दोनों आधिकारिक व्हाट्सएप समूहों में पुनः शामिल करने, लगाए गए आरोपों पर उचित स्पष्टीकरण देने तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट से ऑडिट कराकर उसकी रिपोर्ट सामान्य सभा में प्रस्तुत करने की मांग की गई है।

नोटिस में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो संबंधित सदस्य अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सक्षम न्यायालय एवं अन्य संबंधित प्राधिकरणों के समक्ष दीवानी एवं फौजदारी कार्यवाही करने के लिए स्वतंत्र होगा।

हालांकि, इस पूरे मामले में कोरबा चर्चेस वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here